नई दिल्ली। लोकसभा के दूसरे चरण में गुरूवार को 95 सीटों के लिए हो रहे मतदान के प्रति लोगों में खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में मतदाताओं की लाइन बूथ केन्द्रों के बाहर देखी जा रही है। लोग लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लेने के लिए अपनी उम्र और हालत को भी मात दे रहे हैं। कर्नाटक में दक्षिणी बेंगलुरू संसदीय सीट के जयानगर मतदान केन्द्र पर 91 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक श्रीनिवास ने अपनी 84 वर्षीय पत्नी मंजुला के साथ मतदान किया। उधर, जम्मू कश्मीर के कठुआ में कठुआ जिला अस्पताल के मतदान केन्द्र नंबर- 2 पर एक 80 साल की महिला मरीज ने व्हील चेयर पर मतदान केन्द्र पहुंच कर मतदान किया।
अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के बाद वह वापस अस्पताल लौट गईं। उत्तर प्रदेश की अमरोहा लोकसभा सीट के लिए हापुड़ के गढ़ में वोट डालने पहुंची 100 साल की वृद्ध महिला ने मतदान किया। जबकि, हाथरस के बागला कॉलेज मतदान केंद्र पर एक बुजुर्ग एम्बुलेंस से मतदान करने पहुंचा। बिहार के भागलपुर मे 90 वर्षीय उर्मिला और उषा ने बूथ नंबर 39 पर अपने मत डाले।
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में एक मतदान केन्द्र पर नवदंपति ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। जबकि, महाराष्ट्र के सोलापुर के नेहरू नगर के बूथ नंबर 164 पर एक गर्भवती महिला ने अपने पति साथ पहुंचकर लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लिया। उल्लेखनीय है कि दूसरे चरण में 95 सीटों पर कुल 1596 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसमें उत्तर प्रदेश की आठ, बिहार, ओडिशा और असम की पांच-पांच, तमिलनाडु की 38, कनार्टक की 14, महाराष्ट्र की 10, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल की तीन-तीन, जम्मू-कश्मीर की दो तथा मणिपुर और पुडुचेरी की एक-एक सीट पर वोटिंग हो रही है।