ब्राजील की जेलों में भड़के दंगों में अब तक 57 लोग मरे

ब्राजीलिया। ब्राजील की चार जेलों से 42 और शव बरामद किए जाने के बाद देश की विभिन्न जेलों में भड़के दंगों में मरने वालों की संख्या बढ़ कर 57 हो गई है। मनाउस शहर में एनीसिया जोबिम जेल परिसर में रविवार को मुलाकात के समय कैदियों में हुए संघर्ष में 15 लोगों की मौत हो गई थी।



संघर्ष में कैदियों ने एक-दूसरे की गला दबाकर हत्या कर दी या फिर इधर-उधर जो कुछ मिला, उससे एक दूसरे पर हमला किया। सोमवार को एनीसिया जोबिम जेल और मानाउस की तीन अन्य जेलों से कुल 42 शव बरामद किए गए। जेल प्रशासनिक सचिवालय ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है।


फिलहाल किसी वार्डन के घायल होने या कैदियों के भागने की सूचना नहीं है।
ब्राजील में जेलों में दंगे, हत्याएं और सामूहिक रूप से कैदियों का भागना आम बात है। अंतर्राष्ट्रीय संगठन ब्राजील की जेलों को दुनिया का सबसे ज्यादा हिंसक स्थान हैं।


सबसे ज्यादा कैदियों के मामले में ब्राजील दुनिया में तीसरे स्थान पर है। ब्राजील लगभग सात लाख कैदी हैं, जो वहां की जेलों की क्षमता से लगभग दोगुने हैं।