नई दिल्ली। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में दूल्हे के शराब के नशे में पहुंचने पर टूटी शादी के बाद युवक ने दुल्हन का हाथ थामकर मिसाल पेश की। दूर के रिश्ते के इस युवक की सभी ने सराहना की। निर्धारित समय पर दुल्हन की विदाई होने से परिवार के लोगों में खुशी का माहौल है।
बता दें कि कॉलोनी निवासी युवती की शादी दिल्ली के रोहिणी इलाके के युवक के साथ तय हुई थी। सोमवार रात बारात लोनी पहुंची। जयमाला के लिए जब दूल्हे को स्टेज पर बुलाया गया तो वह शराब के नशे में होने के कारण खड़ा भी नहीं हो सका।
गुस्साई दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। परिजनों ने भी दुल्हन का साथ देते हुए बरात को वापस लौटा दिया। इसके बाद दुल्हन के पिता चिंतित दिखाई दिए। तभी दूर की रिश्तेदारी के एक युवक ने दुल्हन का हाथ थामने की बात कही। जिसपर दुल्हन पक्ष के लोग राजी हो गए। बाद में परिजनों की सहमति से दोनों का विवाह संपन्न कराया गया। मंगलवार को दुल्हन को विदा किया गया।