शिमला। शिमला में उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में 10 निर्दोष लोगों के सामूहिक हत्याकाण्ड के पीडित परिवारों से मुलाकात करने जा रही कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा गांधी की उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा की गई गिरफ्तारी का विरोध करते हुए कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन किया।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने आरोप लगाया कि हर राज्य में भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आने के बाद विपक्षी दलों के नेताओं का उत्पीड़न एवं हर मामले का राजनीतिकरण कर अपनी राजनैतिक रोटियां सेकने का काम करती आ रही है। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पूर्ण रूप से चरमरा गई है तथा सोनभद्र मे हुई सामूहिक हत्याकण्ड की घटना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।
सामूहिक हत्याकाण्ड में मारे गये लोगों के परिजनों को सांत्वना देने जा रही कांग्रेस महामंत्री प्रियंका गांधी वाड्रा को केन्द्र सरकार के इशारे पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गिरफ्तार कराया जाना इसका एक ताजा उदाहरण है । हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने निर्णय लिया है कि प्रदेश के पहले सीएम डॉ. यशवंत सिंह परमार जयंती उनके पैतृक गांव बागथन में मनाएंगे। इसमें सिरमौर के स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा।
डॉ. परमार का हिमाचल को बनाने में अहम रोल रहा है। जबकि संघ के लोग हिमाचल को बनाने के पक्षधर नहीं थे। इसलिए संघ के नेताओं ने स्टेट हुड को मारो ठुड का नारा दिया था। डॉ. परमार की हिमाचल को 118 जैसी बड़ी देने है। दूसरी ओर सीएम जयराम ठाकुर 118 के सरलीकरण की बात कर रहे हैं। बीजेपी उन लोगों को फायदा पहुंचाने का प्रयास कर रही है, जिन्होंने चुनावों में बीजेपी की मदद की।