बीजिंग। पूर्वी चीन के झेजियांग प्रांत में चक्रवाती तूफान लेकिमा से मरने वालों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है, जबकि 16 लोग लापता हैं।
चक्रवात की वजह से चीन के बड़े हिस्से में भारी तबाही मचाई है। लेकिमा चक्रवात इस साल चीन में आया नौवां और सबसे शक्तिशाली चक्रवात है। चक्रवाती तूफान लेकिमा ने शनिवार दोपहर को वेंलिंग शहर में दस्तक दी। इस दौरान 187 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, और जोरदार बारिश हुई। मरने वालों में अधिकतर योंगजिया काउंटी से हैं, जिसका प्रशासन वेनझोऊ सिटी देखता है। यहां मूसलाधार बारिश के बाद हुए भूस्खलन से नदी का मार्ग बाधित हो गया है।
बैरियर झील उफान पर है, जिसके कारण आई बाढ़ में कई लोग बह गए। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार चक्रवात की चपेट में आने से 33 लोग मारे गए हैं बजकि 16 लोग लापता हैं। प्रांतीय बाढ़ नियंत्रण मुख्यालय के अनुसार करीब 10.8 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। झेजियांग में रहने वाले करीब 50 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।