० कोनी में सनसनी, मृतक तोरवा निवासी,वाहन और मोबाइल ले गए अज्ञात आरोपी
बिलासपुर। कल देर रात ओला कंपनी की कार लेकर निकले चालक की अज्ञात आरोपी बेरहमी से हत्या करने के बाद उसकी लाश को कोनी थाना के समीप फेककर फरार हो गए।
बताया जाता है कि मृतक कल रात बुकिंग आने पर कार लेकर निकला था। आज सुबह लाश मिलने पर कोनी क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी घटना स्थल पहुंचकर लाश की शिनाख्त कराने में जुट गए थे। कोनी क्षेत्र के रहने वाले लोगों ने मृतक को पहचानने से इंकार कर दिया। उसके बाद शहर के सभी थानों में मृतक की फोटो भेजी गई। करीब पांच घंटे के बाद मृतक की पहचान हो पाई। मृतक तोरवा क्षेत्र का रहने वाला है। हत्या करने वाले आरोपी मृतक की कार और मोबाइल लेकर फरार हुए हैं। पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी हुई है।
कोनी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह कुछ लोगों ने शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के पास एक युवक की लाश देखी जिसकी सूचना पुलिस को दी। युवक के शरीर में कई जगह जख्मों के निशान थे। युवक की हत्या हुई थी। घटना की जानकारी आलाधिकारियों को दी गई। अधिकारी घटना स्थल पहुंचकर आसपास के क्षेत्रों का मुआयना किये लेकिन किसी भी प्रकार साक्ष्य घटनास्थल पर नहीं मिला।
पुलिस आसपास के लोगों को बुलाकर मृतक की शिनाख्त कराने में जुट गई लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई। मृतक की फोटो को सभी थानों में भेजा गया। करीब पांच घंटे के बाद युवक की शिनाख्त हो पाई। कोनी पुलिस ने बताया कि मृतक का नाम अनिल मौर्य पिता बदलू है जो तोरवा के धान मंडी के पास का रहने वाला है।
मृतक कल रात 11 बजे अपनी कार क्रमांक सीजी 10 ए एल 1574 को लेकर बुकिंग में निकला था जो पूरी रात घर नहीं आया। आज सुबह उसकी लाश कोनी क्षेत्र में मिली। अज्ञात आरोपियों ने ओला चालक की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसकी लाश को कोनी थाना के समीप फेंककर फरार हो गए। आरोपी कार और चालक का मोबाइल भी ले गए हैं। कोनी पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों का पता लगाने में जुटी हुई है।