चेन्नई: सात साल के बच्चे के मुंह से निकाले गए 526 दांत


चेन्नई। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में सात साल के एक बच्चे के मुंह से 526 दांत निकाले गए हैं। हैरानी की बात यह है कि ये दांत जबड़े की हड्डी में इस कदर लगे हुए थे कि बाहर से दिखाई ही नहीं देते थे।


डेंटिस्ट्स ने सर्जरी करके कुल 526 दांत निकाले, अब इस बच्चे के मुंह में 21 दांत बचे हैं। सर्जरी के बाद बच्चे के जबड़े और पूरे मुंह में होने वाला दर्द भी खत्म हो गया है। बताया गया कि सात साल के रवींद्रनाथ के दाएं गाल पर सूजन देखकर उसके पैरंट्स को लगा कि दांत सड़ गया है। हालांकि, बाद में पता चला कि रवींद्र के जबड़े के नीचे 526 दांत छिपे हुए थे। बुधवार को रवींद्र ने मीडिया के सामने अपने चेहरे को छूकर बताया कि अब उसके दांत और जबड़ों में दर्द नहीं है। थोड़ी बहुत सूजन जरूर है लेकिन वह भी धीरे-धीरे ठीक हो जाएगी।



डॉक्टर भी रह गए हैरान
जानकारी के मुताबिक, रवींद्र जब तीन साल का था, तब उसके परिजन ने उसके दाएं गाल पर सूजन देखी। रवींद्र के पिता एस प्रभुदौस बताते हैं, हम उसे एक सरकारी अस्पताल लेकर गए लेकिन वहां के लोग रवींद्र को सर्जरी के लिए मना नहीं पाए। हमने भी इसपर ज्यादा जोर नहीं दिया क्योंकि तब वह छोटा सा बच्चा ही था।



मुंबई के लड़के के मुंह से 232 दांत निकाले गए थे
इस सर्जरी के बारे में डॉक्टर प्रतिभा रमानी ने कहा कि उन्होंने कभी एक इंसान के मुंह में इतने दांत नहीं देखे। साल 2014 में मुंबई के एक लड़के के मुंह से 232 दांत निकाले गए थे। डॉक्टरों ने बताया कि उम्र के मुताबिक, रवींद्र के मुंह में भी स्थायी दांत आ रहे थे।


डॉ. प्रतिभा ने कहा कि हो सकता है कि रवींद्र के दाहिने जबड़े के निचले हिस्से में दो मोलर्स ना आएं लेकिन इसके लिए वह 16-17 साल की उम्र होने पर इम्प्लांट का सहारा ले सकता है।