नई दिल्ली, अमित शाह मैन ऑफ स्टील : बीरेंद्र सिंह  

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने के फैसले पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने गृहमंत्री अमित शाह की तारीफ में कसीदे पढ़े हैं।


उन्होंने कहा कि 70 साल में जो नहीं हुआ, वह 70 दिनों में हो गया। सरदार पटेल लौह पुरुष थे, क्योंकि तब हमारे देश में स्टील नहीं था। आज हमारे देश में स्टेनलेस स्टील है, इसलिए मैं कहूंगा कि अमित शाह मैन ऑफ स्टील हैं। बीरेंद्र सिंह ने यह बातें हरियाणा के जींद में कही हैं।


जींद में ही आज केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रैली भी है। हरियाणा में विधानसभा चुनावों से पहले जाट नेता बीरेंद्र सिंह ने रैली बुलाई है। जींद चौधरी बीरेंद्र सिंह का गृह जिला भी है। जींद जिले की उचाना सीट से चौधरी बीरेंद्र सिंह की पत्नी प्रेमलता विधायक भी हैं और हिसार संसदीय क्षेत्र से उनके बेटे बृजेंद्र सिंह सांसद भी हैं।


गृह मंत्री अमित शाह इस रैली को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि इस रैली के बहाने से भाजपा हरियाणा में चुनावी बिगुल फूंक रही है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज हरियाणा में विधानसभा चुनाव का बिगुल फूकेंगे। अमित शाह जींद में रैली को संबोधित करेंगे। इस रैली में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हरियाणा के प्रभारी महासचिव अनिल जैन सहित तमाम मंत्री और नेता मौजूद रहेंगे।