निधन की सूचना मिलने पर आज व कल के सारे कार्यक्रम स्थगित
रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अरुण जेटली के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।
उन्होंने कहा - अरुण जेटली के निधन से मैं बहुत दुखी हूं। आज हमारी पार्टी ने अपने परिवार के एक अभिन्न सदस्य तो खो ही दिया है, साथ में देश ने अपना एक प्रखर नेता खो दिया। अरुण जेटली के विचार सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। उनकी शानदार भाषण शैली पक्ष और विपक्ष दोनों को मुग्ध करने की क्षमता रखती थी।
देश के विकास में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जेटली ने अपना जीवन देश और पार्टी की सेवा में समर्पित कर दिया। सरकार में रहते हुए उन्होंने देश-दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक जीवन में जो शून्यता आयी है उसे भरा नहीं जा सकता है।
रघुवर दास ने अपने शोक संदेश में कहा कि ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोक-संतप्त परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य व संबल प्रदान करें। ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्री चरणों में स्थान दें। भाजपा परिवार के सभी सदस्यों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करें।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली जी के निधन के कारण मुख्यमंत्री रघुवर दास के आज और कल के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गये हैं। मुख्यमंत्री रविवार को दुमका भी जाने वाले थे, कल के दुमका दौरे को भी स्थगित कर दिया गया है।