चिदंबरम वरिष्ठ नेता, उनके प्रति कुछ तो सम्मान दिखाना था : ममता  

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आईएनएक्स मीडिया मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम को तिहाड़ जेल भेजे जाने के तरीके की शुक्रवार को आलोचना की। ममता ने राज्य विधानसभा में कहा कि भले ही उन्हें जेल भेजा गया है, लेकिन केंद्र सरकार को उनके प्रति सामान्य सम्मान प्रदर्शित करना चाहिए था। 



ममता बनर्जी ने कहा मुझे नहीं पता कि चिदंबरम का मामला क्या है। कानून अपनी तरह से काम कर रहा है। लेकिन सवाल यह है कि पूर्व वित्त मंत्री को साधारण कैदी की तरह तिहाड़ जेल में रखे जाने का क्या मकसद है? उन्होंने कहा कि केंद्र को चिदंबरम के प्रति थोड़ा तो सम्मान दिखाना चाहिए था। आखिर वह देश के गृहमंत्री रहे हैं।



उन्होंने कहा वकील रखने के लिए हमें बहुत खर्च करना पड़ता है। चिदंबरम स्वयं वकील हैं। यह क्या हो गया है? उन्हें तिहाड़ जेल जाना पड़ेगा। ममता बनर्जी ने सवाल किया कि हमें न्यायपालिका के खिलाफ बोलने का कोई अधिकार नहीं है, लेकिन क्या आप बता सकते हैं कि देश कहां जा रहा है?


Popular posts