कश्मीर में परिसीमन के बाद ही कराए जाएंगे चुनाव : नड्डा


ठाणे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कश्मीर में परिसीमन के बाद ही चुनाव कराए जाएंगे।


महाराष्ट्र में एक कार्यक्रम के दौरान नड्डा ने कहा, जम्मू और कश्मीर अब केंद्रशासित प्रदेश है, उसे उन्हें विधायिका की शक्ति दी गई है। जम्मू एवं कश्मीर में चुनाव होंगे, लेकिन इससे पहले परिसीमन किया जाएगा। घाटी और जम्मू दोनो जगह अनुसूचित जनजाति वर्ग की सीटें गुर्जरों और बकरवालों के लिए आरक्षित होंगी।


नड्डा ने कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर के लोगों में भी खुशी है कि उन्हें मुख्यधारा में शामिल किया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल, डॉ. मनमोहन सिंह और वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ये तीनों ही पाकिस्तान से भारत की धरती पर आए और यहां प्रधानमंत्री और उप-प्रधानमंत्री बने। लेकिन जो पाकिस्तान से आकर जम्मू-कश्मीर में बसा वह आज तक काउंसलर तक नहीं बन सका। उन्होंने कहा आज पूरा विश्व भारत के साथ खड़ा है। पाकिस्तान पूरी दुनिया में अलग-थलग पड़ गया है।