संत नहीं हैं कांग्रेस-एनसीपी नेता, स्वार्थसिद्धि के लिए भाजपा का रुख किया : खड़से

मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता एकनाथ खड़से ने कहा कांग्रेस और राकांपा नेता संत नहीं हैं।


वे अपने हित साधने के लिए भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस के पास 'वॉशिंग पाउडर' है, जिसका इस्तेमाल वह ऐसे नेताओं को 'साफ' करने में करते हैं।  खड़से ने जलगांव में यह बात कही। उन्होंने भूमि घोटाले और अनुचित गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में जून 2016 में राज्य के राजस्व मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।


उन्होंने कहा कांग्रेस और एनसीपी से भाजपा में आ रहे नेता संत नहीं थे, लेकिन वे अपने स्वार्थ साधने के लिए ऐसा कर रहे हैं। हालांकि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के पास वॉशिंग पाउडर है, जो उनको पूरी तरह साफ कर देता ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन पर कोई नकारात्मक प्रभाव न पड़े। उन्होंने कहा लोग भाजपा में भरोसा करते हैं। 



इससे पहले मोदी सरकार में मंत्री राव साहेब दानवे पाटिल ने भी ऐसा ही बयान दिया था। उन्‍होंने महाराष्‍ट्र के जालना में आयोजित महाजनादेश यात्रा सभा को संबोधित करते हुए कहा था यह भाजपा है। हमारे पास वॉशिंग मशीन है। दूसरी पार्टी के कचरे को पार्टी में लेने से पहले वाशिंग मशीन में डालकर साफ करते हैं फिर अपनी पार्टी में लेते हैं। पाटिल ने कहा भाजपा के पास गुजरात का वाशिंग पाउडर है, जिससे कैसा भी कचरा हो, सब साफ हो जाता है।